सुलतानपुर। लोकसभा का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने मंगलवार को प्रचार-प्रसार में व्यय का विवरण निगरानी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। कलेक्ट्रेट सभागार में समिति के सदस्यों ने तीसरा परीक्षण किया। मुख्य कोषाधिकारी अरविंद कुमार सिंह के अनुसार भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी की ओर से 59 लाख 43 हजार 199 रुपए खर्च किए जाने का विवरण दिया गया है। सपा उम्मीदवार राम भुआल निषाद ने 17 लाख 30 हजार 283, बसपा के उदराज वर्मा ने सात लाख 22 हजार 943 रुपये व्यय दिखाया है। गिरीश लाल 41632, अब्दुल माबूद 42422, जय प्रकाश 35360, डॉ. शिवशंकर इंडियन 50965, उदय राज वर्मा 29,500 व मो. आसिफ 31269 रुपए व्यय किए हैं। मतगणना के 25 दिन के भीतर शेष दिनों में किए गए खर्च के साथ पूरे चुनाव का व्यय विवरण प्रस्तुत करना होगा।

कल 11 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे वरुण

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन 23 मई को भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के पुत्र वरुण गांधी प्रचार की कमान संभालेंगे। एक दिन में पांचों विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थान पर 11 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि वरुण गांधी का पहला कार्यक्रम सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा में सुबह 10 बजे शुरू होगा, जो सभी विधानसभा को कवर करते हुए शाम चार बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कार्यालय पर वरुण गांधी जिले के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।