हिंदी और गुजराती सीरियल्स और शोज में अभिनय करने वाले अभिनेता रसिक दवे का शुक्रवार रात 8 बजे निधन हो गया है। किडनी खराब होने की वजह से अभिनेता ने मुंबई में अपनी आखिरी सांस ली। रसिक दवे को ‘महाभारत’ के कैरेक्टर ‘नंदा’ के लिए जाना जाता था। उन्होंने इसके अलावा कई 'संस्कार धरोहर अपनों की', 'सीआईडी', 'कृष्णा' जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कई सारे गुजराती नाटकों, गुजराती फिल्मों और कई सारे सीरियल्स में भी काम किया था।

रसिक दवे तकरीबन दो साल से डायलिसिस पर थे, जिसकी वजह से हफ्ते में तीन बार उन्हें अस्पताल के चक्कर काटने पड़ते थे। तबीयत बिगड़ने की वजह से 15 दिन पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रसिक ने अपने करियर की शुरुआत '82' में एक गुजराती फिल्म 'पुत्र वधू' से की थी। वह गुजराती - हिंदी दोनों भाषाओं में काम कर चुके हैं। रसिक दवे ने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' फेम अभिनेत्री केतकी दवे से शादी की थी। केतकी और रसिक की जोड़ी रिएलिटी शो 'नच बलिए' में भी नजर आई थी। केतकी की मां सरिता जोशी भी एक प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं और उनके पिता (दिवंगत) प्रवीण जोशी एक थिएटर निर्देशक थे। उनकी एक छोटी बहन पूरबी जोशी है जो एक अभिनेत्री और एक एंकर भी हैं। रसिक और केतकी दवे एक गुजराती थिएटर कंपनी भी चलाते थे।