जैन सोशल ग्रुप राजधानी भोपाल दारा मनाया गया आजादी का उत्सव।

ग्रुप के सदस्यों ने भोजपुर में की जिन-पूजा और गौ सेवा।  

गौ-माता, धरती-माता तथा भारत-माता के सम्मान में हुआ आयोजन। 

जैन सोशल ग्रुप राजधानी भोपाल के सदस्यों द्वारा भोपाल के समीप स्थित प्राचीन अतिशयकारी शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर एवं मुनि मानतुंगाचार्य के समाधी स्थल भोजपुर में आजादी के उत्सव की शुरुआत की गयी जिसमें सर्वप्रथम सुबह 10:00 बजे भोजपुर पहुंचकर ग्रुप के सदस्यों द्वारा श्री 1008 भगवान शांतिनाथ जिनालय में सामूहिक भक्तामर के पाठ, जिन पूजन तथा आरती के पश्चात वृक्षारोपण किया गया। बच्चों का उत्साह सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रशंसनीय था। हेमलता जैन रचना ने बताया कि पर्यावरण के प्रति सजगता को प्रदर्शित करते हुए ग्रुप के सदस्य शशांक जैन तथा अपने जन्मदिवस के अवसर पर रजनीश जैन द्वारा 100/100 औषधीय एवं फलदार पौधे वृक्षारोपण हेतु दान किए जिन्हें सदस्यों द्वारा उल्लासपूर्ण वातावरण में मंदिर परिसर में रोपा गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने भोजपुर जैन मंदिर परिसर में स्थापित गौशाला हेतु एक-एक ट्रॉली भूसे का दान किया तथा गौ-माता को अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाकर गौ-सेवा का पुण्यार्जन किया।

सोशल ग्रुप राजधानी के अध्यक्ष दिनेश गार्डन की अध्यक्षता में सामूहिक भोजन के पश्चात भोजपुर से वापसी में "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत "तिरंगा यात्रा" का आयोजन किया गया। यह यात्रा भोजपुर से प्रारम्भ होकर बोर्ड ऑफिस से कीर्ति स्तंभ रोशनपुरा होते हुए न्यू मार्केट पर जाकर संपन्न हुयी। ग्रुप के सभी सदस्यों ने अपनी गाड़ियों पर तिरंगा झंडा लहराते हुए देश प्रेम से ओतप्रोत नारों के साथ यह यात्रा समाप्त की। इस समूचे कार्यक्रम में लगभग 85 सदस्य सपरिवार शामिल हुए। सभी सदस्यों ने तिरंगें के रंगों को अपनी ड्रेस में शामिल किया।

अध्यक्ष दिनेश गार्डन ने कहा कि आज का दिन जे एस राजधानी के सभी दम्पत्ति सदस्‍यों के लिये जहाँ धार्मिक क्रियाओं के माध्यम से पुण्य अर्जन दिवस रहा वहीं स्वतंत्रता दिवस के पूर्व तिरंगा लहराकर अखण्ड भारत, अखण्ड राष्ट्र के लिये कामना की। साथ ही सावन की रिमझिम फुहारों एवं ठंडी हवाओं के मनमोहक वातावरण में सामूहिक सुस्वादु भोजन के साथ, गौ-माता हेतु 2100/- प्रति ट्रॉली गौ-ग्रास तथा धरती माता की हरी चुनरी हेतु वृक्षारोपण कर भारत माता के सम्मान में तिरंगा यात्रा के इस आयोजन ने हम सभी को आनंदित कर दिया। इस आयोजन में अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष के साथ-साथ पूरी कमेटी का भरपूर योगदान रहा। गौशाला में दान देने वाले परिवारों के पुण्य की अनुमोदना के साथ ही महिला मंडल तथा बाल समूह को धन्यवाद करता हूँ।

आजादी के उत्सव के अवसर पर जैन सोशल ग्रुप राजधानी भोपाल ने अगस्त माह में 3 सामाजिक गतिविधियों की तैयारी की है जिसमें तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण और गौ सेवा के साथ शांतिनाथ भगवान का पूजन अर्चन प्रथम चरण था। गौरतलब है कि जैन सोशल ग्रुप राजधानी भोपाल, सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए कार्य सदैव करती रही है जिसमें ना केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक, पर्यावरण, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक आदि सभी कार्यक्रम शामिल हैं। इस अवसर पर दिनेश गार्डन, आदित्य मन्या जैन, के. एल. जैन, नीरज माणिक, पंकज जैन टेलर, महेंद्र जैन, सुनील जैन अरिहंत, अंकेश जैन, भव्य जैन, मनीष जैन, सौरभ जैन, राजेश जैन, अरूण जैन सहित समस्त सदस्य सपरिवार शामिल हुए।