मुंबई को मात देकर पहली बार फाइनल में पहुंची पुणे सुपरजायंंट

पुणे द्वारा जीत के लिए दिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने मुंबई की ओर से लिंडल सिमंस और पार्थिव पटेल की जोड़ी उतरी। दोनों ने तेजी से 4.2 ओवर में 35 रन जोड़े। पांचवें ओवर में सिमंस दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। पार्थिव का स्टेट शॉट शार्दुल की उंगलियों को छूता हुआ स्टंंप पर जा लगा। सिमंस केवल 5 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए कप्तान रोहित शर्मा मैदान में उतरे। छठे ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा वाशिंगटन सुंदर की गेंंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। रोहित केवल 1 रन बना सके।
रोहित के आउट होने के बाद केकेआर के खिलाफ जीत के हीरो रहे अंबाती रायडू खाता भी नहीं खोल पाए। वाशिंगटन के उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर रायडू स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे। पारी के आठवें ओवर में सुंदर ने एक बार फिर कहर ढाया और पोलार्ड को 6 रन पर स्मिथ के हाथों कैच करा दिया। मुंबई की टीम इस विकेट के बाद बैकफुट पर आ गई। चौथा विकेट गंवाने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए हार्दिक पाड्या ने पार्थिव के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वह भी 14 रन बनाकर फर्ग्युसन की गेंद पर क्रिस्टन को कैच दे बैठे।
क्रुणाल और पार्थिव ने डगमगाई पारी को संभालने की कोशिश की और मुंबई को 100 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान पार्थिव ने 37 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन रन बनाने का दबाव क्रुणाल पर भारी पड़ा और वह शार्दुल ठाकुर की गेंद बाउंड्री पर कैच दे बैठे। क्रुणाल ने 14 रन बनाए। शार्दुल के इसी ओवर की आखिरी गेंद पर पार्थिव भी कैच दे बैठे। सातवां विकेट गंवाते ही मुंबई की जीत की सारी संभावनाएं खत्म हो गईं।
खबर लिखे जाने तक मुंबई ने 18 ओवर में 8 विकेट खोकर 126 रन बना लिए हैं। जीत के लिए मुंबई को 10 गेंद में 37 रन बनाने हैं। बुमराह 13 और मैक्कलेघन 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 और शार्दुल ठाकुर ने 3 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
आईपीएल 10 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में पुणे टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी। पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले और दूसरे ओवर में लगातार दो विकेट खोकर बैकफुट में आ गई। इसके बाद मनोज तिवारी ने रहाणे और धोनी के साथ दो अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर पुणे को निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 162 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। रहाणे ने 56 और तिवारी ने 58 रन बनाए। अंत में धोनी ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद में नाबाद 40 रन बनाए। धोनी ने इस दौरान 5 छक्के जड़े। धोनी और तिवारी के बीच चौथे विकेट के लिए 44 गेंद में 73 रन की साझेदारी हुई। अंतिम गेंद में तिवारी रन आउट हो गए। मुंबई की ओर से मैक्कलेघन, कर्ण शर्मा और मलिंगा ने 1-1 विकेट हासिल किया। अच्छी शुरुआत का मुंबई के गेंदबाज फायदा नहीं उठा सके।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे पहले क्वालीफायर में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुणे ने खराब शुरुआत की। पारी के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी मैक्कलेघन की गेंद पर बोल्ड हो गए।पुणे के लिए पारी की शुरुआत करने अजिंक्य रहाणे और राहुल त्रिपाठी की जोड़ी उतरी थी। त्रिपाठी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे कप्तान स्टीव स्मिथ मलिंगा की गेंद पर 1 रन बनाकर हार्दिक पांड्या को कैच दे बैठे। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे और मनोज तिवारी ने तीसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े। रहाणे ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। 13वें ओवर में कर्ण शर्मा की एक गेंद पर रहाणे गच्चा खा गए। अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू करार दिया। वह 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
आईपीएल के पहले प्लेऑफ में मुंबई का मुकाबला आज पुणे से मुंबई में हो रहा है। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और पहली बार फाइनल में जगह बनाने वाली राइजिंग पुणे सुपर जायंट के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे 21 मई को हैदराबाद में होने वाले फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी जबकि हारने वाली टीम को खिताबी मुकाबले में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। हारने वाली टीम दूसरे क्वालीफायर में केकेआर और हैदराबाद के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से 19 मई को बेंगलूरू में भिड़ेगी।