भारत अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। भारत की अद्भुत प्राकृतिक नजारों के दीदार करने हों तो किसी पहाड़ी जगह पर जरूर जाना चाहिए। भारत के पहाड़, झरने, झीलें और वनस्पतियों से समृद्ध घने जंगल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। वैसे तो पूरे भारत में कई ऐसी जगहें हैं जो आपको मन मोह लेंगी लेकिन हिमाचल प्रदेश का लगभग हर स्थल ही दार्शनिक है। हिमाचल प्रदेश में गांवों से लेकर घाटी तक में पर्यटकों का जमावड़ा लगता है। हर साल लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ज्यादातर लोग हिमाचल का नाम सुनते ही मनाली और शिमला के बारे में सोचने लगते हैं लेकिन हिमाचल में इन जगहों के अलावा भी घूमने के लिए कई पर्यटन स्थल हैं, जहां का शांत वातावरण आपको आराम और सुकून तो देगा ही, साथ ही जेब पर भी अधिक बोझ नहीं पड़ेगा। हिमाचल में स्थित तोष गांव ऐसी ही एक जगह है, जो सस्ती और खूबसूरत है। अगर आपको कम बजट में हिमाचल के खूबसूरत नजारे देखने हैं तो तोष गांव के बारे में जान लें। 

तोष में घूमने के लिए क्या है- प्राकृतिक सुंदरता को देखने का मन है तो हिमाचल प्रदेश में पार्वती घाटी पर तोष नाम का एक गांव स्थित है। यह गांव समुद्र तट से करीब 7900 की ऊंचाई पर बसा है। शहर की भागदौड़ और शोर शराबे से दूर इस गांव में आप रिलेक्स होने के लिए आ सकते हैं। यहां के खूबसूरत बर्फ से ढके पहाड़, झरने और झील आपके मन को मोह लेंगी। इतना ही नहीं इस गांव में आप कई और एक्टिविटी का मजा भी ले सकते हैं। यहां आप ट्रेकिंग कर सकते हैं, जो आपके बजट में भी रहेगी। तोष पार्टी के लिए भी बेहतरीन जगह है। वैसे यहां की लोकल पार्टी में भी आप शामिल हो सकते हैं। हिमाचल के तोष गांव में आपको रुकने के लिए कोई बड़ा होटल नहीं मिलेगा। यहां पर ठहरने के लिए रिजॉर्ट हैं। इसके अलावा कुछ गांव वालों के घर पर बसेरा मिल सकता है। प्रकृति को करीब से देखने के लिए यह काफी मजेदार अनुभव हो सकता है। यहां रहना खाना बाकी जगहों से सस्ता होगा। अगर आप तोष जाने का मन बना रहे हैं तो सर्दियों में जा सकते हैं। स्नोफॉल और बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच आप सर्दियों में यहां समय बिता सकते हैं। लेकिन तोष काफी ऊंचाई पर बसा है, इसलिए यहां पहुंचने में थोड़ी मुश्किल हो सकती है।