दुर्ग। जिले में गर्मी का कहर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश में दुर्ग सबसे अधिक गर्म रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है।

जिले में मार्च महीने में ही गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही तेज धूप निकल आती है। सुबह 11 बजे से ही गर्म हवाएं चल रही है। तेज धूप व गर्म हवाओं की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा भी पसरने लगा है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।