इंदौर  ।   आम आदमी पार्टी (आप) ने तय कर लिया है कि मध्य प्रदेश में सभी 230 विधानसभा सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी गठबंधन नहीं करती। आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने यह बात इंदौर में कही। अग्रवाल सिंगरौली की महापौर भी हैं। शनिवार को इंदौर में पत्रकार वार्ता में अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव हमारे लिए चुनौती जरूर है, लेकिन जनता बदलाव चाहती है, इसलिए पार्टी को सफलता मिलेगी। मप्र के चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल का नेतृत्व और चेहरा सामने रखा जाएगा। प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा में प्रदेश में आप के संगठन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन बनकर तैयार है। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। जून तक हम लगातार सभी सीटों से प्रत्याशियों के नाम बुलवा रहे हैं। उम्मीदवारों की एक लिस्ट तय भी हो चुकी है। दूसरी लिस्ट भी जल्द तैयार हो जाएगी। पंजाब और दिल्ली के माडल पर काम करने का संदेश पहुंचाते हुए मध्य प्रदेश के एक-एक घर तक कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।

तीसरी पार्टी को मौका मिलना तय

70 साल से भाजपा-कांग्रेस सत्ता में है, लेकिन आम जनता आज भी छोटी-छोटी समस्या से परेशान है। इसलिए अब तीसरी पार्टी को मौका मिलना तय है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के मंत्री सतेंद्र जैन, मनीष सिसोदिया को जेल भेजने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ईडी-सीबीआई का गलत उपयोग कर भाजपा की सरकार दबाव बनाकर ईमानदार राजनेताओं को तोड़ना चाह रही है। मूलभूत अधिकारों पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी डर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि प्रधानमंत्री उन्हें गलत तरीके से फंसा कर कार्रवाई कर उन्हें जेल में डालना चाहते हैं।

अमृतपाल की गिरफ्तारी भी जल्द होगी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार अमृतपाल की गिरफ्तारी भी जल्द कर लेगी। सिंगरौली जिले से आम आदमी पार्टी की महापौर चुनी गई अग्रवाल ने कहा कि निगम में भाजपा काम नहीं करने दे रही है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश में घोषित लाड़ली बहना योजना पर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल दिखावा कर रहे हैं।